कुल पेज दृश्य

सोमवार, 7 मई 2018

शिक्षा में क्रांति-प्रवचन-07

शिक्षा में क्रांति-ओशो

प्रवचन-सातवां
नारी और क्रांति

मेरी प्यारी बहनो!
मनुष्य के इतिहास में नारी-
मेरी प्यारी बहनो!
मनुष्य के इतिहास में नारी-जाति के साथ जो अत्याचार और अनाचार हुआ है, उस संबंध में थोड़ी सी बात प्रारंभ में ही कहना चाहूंगा और नारी के साथ जो हुआ है, उसके परिणाम में पूरी मनुष्य-जाति के जो अहित हुए हैं, उस संबंध में थोड़ी बात कहना चाहूंगा।
मनुष्य की पूरी जाति, मनुष्य का पूरा समाज, मनुष्य की पूरी सभ्यता और संस्कृति अधूरी है क्योंकि नारी ने उस संस्कृति के निर्माण में कोई भी दान, कोई भी कंट्रिब्यूशन नहीं किया। नारी कर भी नहीं सकती थी। पुरुष ने उसे करने का कोई मौका ही नहीं दिया। हजारों वर्षों तक स्त्री पुरुष से नीची और छोटी और हीन समझी जाती रही है। कुछ तो देश ऐसे थे जैसे चीन, चीन में हजारों वर्षों तक यह भी माना जाता रहा कि स्त्रियों के भीतर कोई आत्मा नहीं होती। हीन ही नहीं, स्त्रियों की गिनती जड़ पदार्थों के साथ ही की जाती रही। आज से सौ बरस पहले तक चीन में अपनी पत्नी की हत्या पर किसी पुरुष को, किसी पति को कोई भी दंड नहीं दिया जा सकता था क्योंकि पत्नी उसकी संपदा थी। वह उसे जीवित रखे या मार डाले, इससे कानून को और राज्य को कोई संबंध नहीं था।
भारत में भी स्त्री को पुरुष के समान, पुरुष की समानता में कोई अवसर और जीने का कोई मौका नहीं मिला। पश्चिम में भी वही बात थी। चूंकि सारे शास्त्र और सारी सभ्यता और सारी शिक्षा पुरुषों ने निर्मित की है इसलिए पुरुषों ने अपने आप को बिना किसी से पूछे श्रेष्ठ मान लिया है, स्त्री के लिए श्रेष्ठता देने का कोई कारण नहीं समझा है। स्वभावतः इसके परिणाम हुए, घातक परिणाम हुए।
सबसे बड़ा घातक परिणाम तो यह हुआ कि स्त्रियों के जो भी गुण थे वे सभ्यता के विकास में सहयोगी नहीं बन सके। सभ्यता अकेले पुरुषों ने विकसित की। अकेले पुरुषों के हाथ से जो सभ्यता विकसित होगी उसका अंतिम परिणाम युद्ध के सिवाय और कुछ भी नहीं हो सकता है। अकेले पुरुष के गुणों पर जो जीवन निर्मित होगा वह जीवन हिंसा के अतिरिक्त और कहीं नहीं ले जा सकता है। पुरुष की प्रवृत्ति में, पुरुष के चित्त में ही हिंसा का, क्रोध का, युद्ध का कोई अनिवार्य हिस्सा है।
नीत्शे ने पीछे, आज से कुछ ही बीसी पहले यह घोषणा की कि बुद्ध और क्राइस्ट स्त्रैण रहे होंगे, क्योंकि उन्होंने करुणा और प्रेम की इतनी बातें कही हैं, वे बातें पुरुषों के गुण नहीं हैं। नीत्शे ने क्राइस्ट को और बुद्ध को स्त्रैण, स्त्रियों जैसा कहा है। एक अर्थ में शायद उसने ठीक ही बात कही है। वह इस अर्थ में कि जीवन के जो भी कोमल गुण हैं, जीवन के जो भी माधुर्य से भरे संबंध हैं, जीवन की जो भी सुंदर और शिव की कल्पना और भावना है वह स्त्री का अनिवार्य स्वभाव है। मनुष्य की सभ्यता माधुर्य और प्रेम और सौंदर्य से नहीं भर सकी, क्रूर और परुष हो गई, कठोर और हिंसक हो गई और अंतिम परिणामों में केवल युद्ध लाती रही।
इसके पीछे दो बातों का ही हाथ है। एक तो स्त्री के गुणों को कोई सम्मान नहीं दिया गया और दूसरा स्त्री ने कभी अपने गुणों को विकसित करने की कोई चेष्टा और कोई सक्रिय उपाय नहीं किया। यह जान कर आपको हैरानी होगी, अगर कोई स्त्री पुरुषों के गुणों में आगे हो जाए जैसे जोन आॅफ आर्क या रानी लक्ष्मी बाई...तो सारे जगत में इस बात की प्रशंसा होती है कि रानी लक्ष्मी बाई बहुत बहादुर, बहुत सम्मान योग्य स्त्री है। लेकिन क्या कभी आपने यह सुना है कि कोई पुरुष स्त्रियों के गुणों में विकसित हो जाए तो उसका कहीं भी कोई सम्मान होता हो? अगर कोई पुरुष स्त्रियों जैसा प्रतीत हो तो उसका अपमान होगा और कोई स्त्री पुरुष जैसी प्रतीत हो तो उसका सम्मान होगा और चैरस्तों के ऊपर उसकी मूर्तियां खड़ी की जाएंगी।
पुरुष ने अपने गुणों को अनिवार्य रूप से श्रेष्ठ स्वीकार कर लिया है और स्त्रियों ने भी इस पर स्वीकृति दे दी, यह बहुत आश्चर्य की बात है! स्त्रियों ने कभी सोचा भी नहीं कि उनके व्यक्तित्व की भी अपनी कोई गरिमा, अपना कोई स्थान, अपनी कोई प्रतिष्ठा है। इस तीन-चार हजार बरस की गुलामी के बाद एक विद्रोह, एक प्रतिक्रिया, एक रिएक्शन पैदा होना शुरू हुआ और स्त्रियों ने यह घोषणा करनी शुरू की कि हम पुरुषों के समान हैं और हम बराबर हैसियत, बराबर अधिकार मांगती हैं लेकिन फिर दोबारा भूल हुई जा रही है, जिसका आपको शायद पता हो। उस भूल के संबंध में भी समझ लेना जरूरी है।
मैं कहना चाहता हूं कि स्त्रियां तो पुरुषों से हीन हैं और समान हैं। स्त्रियां पुरुषों से भिन्न हैं, वे बिलकुल भिन्न हैं। उनके नीचे होने का सवाल है, उनके समान होने का सवाल है, स्त्रियां पुरुषों से बिलकुल भिन्न हैं और जब तक स्त्रियां अपनी भिन्नता की भाषा में, अपने अलग व्यक्तित्व की भाषा में सोचना शुरू नहीं करेंगी तब तक या तो वे पुरुष की दास होंगी या पुरुष की अनुयायी होंगी, और दोनों स्थितियां खतरनाक हैं।
पश्चिम में स्त्रियों ने एक बगावत की है, एक विद्रोह किया है और परिणाम यह हुआ है कि स्त्रियां पुरुषों जैसे होने की दौड़ में, होड़ में पड़ गईं। जो पुरुष करते हैं और जैसे पुरुष हैं वैसे ही स्त्रियों को भी हो जाना चाहिए। जो शिक्षा पुरुष को मिलती है वही स्त्री को भी मिलनी चाहिए। अगर पुरुष युद्ध के मैदान पर लड़ने जाते हैं तो स्त्रियों को भी युद्ध के मैदान पर सैनिक बन कर उपस्थित होना चाहिए।
इस बात की कल्पना भी नहीं है आपको कि पुरुषों की नकल में स्त्रियां हमेशा द्वितीय कोटी की होंगी, प्रथम कोटि की कभी भी नहीं हो सकतीं। क्योंकि जिन गुणों में वे प्रतिस्पर्धा करने जा रही हैं वे पुरुष के लिए सहज गुण हैं और स्त्रियों के लिए असहज धर्म है। वैसी स्थिति में स्त्रियां एकदम कुरूप, अपने स्वभाव से च्युत, जो हो सकती थीं उससे वंचित हो जाएंगी और परिणाम, परिणाम बड़े घातक होंगे, जिनकी हमें कोई धारणा नहीं, कोई सपना भी नहीं।
जो शिक्षा पुरुषों को मिलती है वही शिक्षा स्त्रियों को देना अत्यंत भ्रांत है, एकदम गलत है। उचित है कि पुरुष गणित सीखें, उचित है कि पुरुष विज्ञान सीखें। लेकिन बहुत उचित होगा कि स्त्री कुछ और सीखे जो पुरुष नहीं सीखते। उसे जीवन में कुछ और करना है। उसके ऊपर जीवन ने कोई और दायित्व दिया है, कोई दूसरी रिस्पांसिबिलिटी है उसके ऊपर। उसके ऊपर प्रेम का, सृजन का कोई दूसरा भार है।
गणित से, गणित सीख लेने से दुकानें चल सकती होंगी, बच्चे नहीं बड़े किए जा सकते। साइंस से फैक्ट्रियां चलती होंगी लेकिन परिवार नहीं चल सकते और परिणाम यह हुआ है, स्त्री को पुरुष जैसी दीक्षा और शिक्षा और समानता के भाव ने स्त्रियों से जो भी उनका महत्वपूर्ण मातृत्व था वह सब छीन लिया है। उनके जीवन में जो भी गौरवपूर्ण पत्नीत्व था वह सब छीन लिया है। उनके भीतर जो भी स्त्रैण था वह सब नष्ट किया जा रहा है। वे करीब-करीब पुरुष की नकल में निर्मित की जा रही हैं और वे बहुत प्रसन्न भी मालूम हो रही हैं। इस प्रसन्नता के लिए बहुत हजार-हजार आंसू आज नहीं कल स्त्रियों को तो रोने ही पड़ेंगे, पुरुषों को भी रोने पड़ेंगे।
शायद हमें इस बात का खयाल नहीं कि स्त्री और पुरुष के चित्त में बुनियादी भेद है, भिन्नता है और यह भिन्नता अर्थपूर्ण है। पुरुष और स्त्री का सारा आकर्षण उसी भिन्नता पर निर्भर है। वे जितनी भिन्न हों, वे जितने दूर हों, उनके भीतर पोलेरिटी हो, उत्तर और दक्षिण धु्रवों की तरह उनमें भिन्नता हो, उतना ही उनके बीच कशिश, आकर्षण, ग्रेविटेशन होगा। उतना ही उनके बीच प्रेम का जन्म होगा--जितना उनका फासला हो, उनकी भिन्नता हो, जितने उनके व्यक्तित्व अनूठे और अलग हों, जितने वे एक-दूसरे जैसे नहीं बल्कि एक-दूसरे के परिपूरक, कांप्लिमेंटरी हों।
अगर पुरुष गणित जानता हो और स्त्री भी गणित जानती हो तो ये दोनों बातें उन्हें निकट नहीं लातीं। ये दोनो बातें उन्हें दूर ले जाएंगी। अगर पुरुष गणित जानता हो और स्त्री काव्य जानती हो, संगीत जानती हो, नृत्य जानती हो तो वे ज्यादा निकट आएंगे। वे जीवन में ज्यादा साथी, गहरे साथी बन सकेंगे और जब एक स्त्री पुरुषों जैसी दीक्षित हो जाती है तो ज्यादा से ज्यादा वह पुरुष को स्त्री होने का साथ भर दे सकती है लेकिन उसके हृदय के उस अभाव को जो स्त्री के लिए प्यासा और प्रेम से भरा होता है, उस अभाव को पूरा नहीं कर सकती।
पश्चिम में परिवार टूट रहा है, भारत में भी परिवार टूटेगा और परिवार टूटने के पीछे आर्थिक कारण उतने नहीं हैं जितना स्त्रियों का पुरुषों के जैसा शिक्षित किया जाना है। पुरुष की भांति शिक्षित होकर स्त्री एक नकली पुरुष बन जाती है, असली स्त्री नहीं बन पाती। भिन्नता का लेकिन हमें कोई खयाल नहीं है और भिन्न शिक्षा और दीक्षा का हमें कोई विचार नहीं है।
यह बात सारे जगत की स्त्रियों को कह देने जैसी हैं कि उन्हें अपनी स्त्री होने को बचाना है। कल तक पुरुष ने उन्हें हीन समझा था, नीचा समझा था और इसलिए नुकसान पहुंचाया, आज पुरुष अगर राजी हो जाएगा कि तुम हमारे समान हो, तुम हमारी दौड़ में सम्मिलित हो जाओ--इस दौड़ में स्त्रियां कहां पहुंचेंगी और सवाल यही नहीं है कि स्त्रियों को नुकसान होगा, सवाल यह है कि पूरा जीवन नष्ट होगा।
सी.एम. जोड ने, पश्चिम के एक विचारक ने एक बड़ी अदभुत बात लिखी। उसने लिखा कि जब में पैदा हुआ था तो मेरे देश में घर थे, होम्स थे, लेकिन अब जब मैं बूढ़ा होकर मर रहा हूं तो मेरे देश में होम जैसी कोई चीज नहीं है, घर जैसी कोई चीज नहीं है, केवल मकान, केवल हाउसेस रह गए हैं। होम और हाउस में कुछ फर्क है? घर में और मकान में कोई भेद है? होटल में और घर में कोई फर्क है? अगर कोई भी फर्क है तो वह सारा फर्क स्त्री के ऊपर निर्भर है और किसी के ऊपर निर्भर नहीं है।
एक हाउस होम बन सकता है, एक मकान घर बन जाता है अगर उसके बीच में केंद्र पर कोई स्त्री हो। लेकिन स्त्री अगर पुरुष जैसी हो जाती है तो घर में मकान रह जाता है, घर निर्मित नहीं हो पाता। दो साथ रहने वाले लोग होते हैं लेकिन पति और पत्नी नहीं होते। बच्चे पैदा होते हैं लेकिन नर्स और बच्चों का संबंध होता है, मां का और बेटे का और बेटियों का कोई संबंध नहीं होता। क्योंकि वह जो स्त्री थी, जो मां बन सकती थी उसके विकास के लिए हमने कुछ भी नहीं किया है।
हमारे स्कूल और कालेज क्या सिखा रहे हैं? स्त्रियों के लिए क्या दे रहे हैं? वे, वे ही उपाधियां दे रहे हैं जो पुरुषों को दी जा रही हैं। वे उन्हीं परीक्षाओं में से उन्हें निकाल रहे हैं जिनमें से पुरुषों को निकाला जा रहा है। वे उसी भांति की कवायद, उसी भांति के खेल खिला रहे हैं स्त्रियों को जो पुरुष खेल रहे हैं।
और बड़े आश्चर्य की बात है कि इस सदी में जब कि हम मनुष्य के शरीर और फिजियोलाॅजी के संबंध में बहुत कुछ जानते हैं, हमें इतना भी पता नहीं है कि वही कवायद, वही एक्सरसाइज पुरुष और स्त्री को नहीं करवाई जा सकती है। स्त्री के शरीर के नियम, स्त्री के शरीर की बनावट बहुत भिन्न है। उसे अगर वही कवायद करवाई जाती है और उसे भी एन.सी.सी. में वही लेफ्ट-राइट करवाया जाता है जो पुरुष सैनिक सीख रहे हैं तो हम स्त्री के भीतर किसी बुनियादी तत्व को तोड़ देंगे जिसका हमें कोई पता ही नहीं, जिसका हमें खयाल ही नहीं है।
अतीत के लोग नासमझ नहीं थे। पुरुषों के लिए उन्होंने व्यायाम खोजे, स्त्रियों के लिए नृत्य खोजा। कोई अर्थ था, कोई कारण था। नृत्य में एक रिदम है, नृत्य में एक लययुक्तता है जो स्त्री के शरीर के हार्मोंस को, उसके शरीर के रासायनिक तत्वों को एक और तरह की गतिमयता और संगीत से भरती है। कवायद बात दूसरी है। कवायद के अर्थ और प्रयोजन भिन्न हैं। कवायद मनुष्य के भीतर जो क्रोध है उसे सजग करती है, मनुष्य के भीतर जो लड़ने की प्रवृत्ति है उसे तीव्र करती है। मनुष्य के भीतर जो दूसरे के साथ हिंसक होने का भाव है उसे मजबूत करती है, उसे बलवान करती है।
कवायद अगर स्त्रियों को सिखाई गई तो घर नष्ट हो जाने वाले हैं, इसका हमें कोई खयाल ही नहीं। हम उनके पूरे शरीर को नुकसान पहुंचा रहे हैं। यहां तक आप हैरान होंगी, जिन मुल्कों में स्त्रियों को पुरुषों जैसी सैन्य-शिक्षा दी जा रही है वहां जवान लड़कियों को भी ओंठों पर मूंछ आनी शुरू हो जाती है। यह बहुत आसान है, कठिन नहीं है।
अगर ठीक पुरुषों जैसी कवायद करवाई जाए बच्चियों को तो उनके ओंठों पर मूंछों के बाल आने शुरू हो जाएंगे। शरीर के हार्मोंस अलग तरह से काम करना शुरू करते हैं। शरीर की जो व्यवस्था है वह अलग तरह से काम करती है। छोटी-छोटी बात से फर्क पड़ता है। शरीर को भी हम पुरुषों के जैसे स्त्रियों का ढालने की कोशिश कर रहे हैं और अब तो हम पुरुषों जैसे कपड़े पहनाने की भी सारी दुनिया में व्यवस्था कर रहे हैं। शायद हमें इस बात का कोई भी विचार नहीं है कि जीवन की छोटी-छोटी बात सारे जीवन को प्रभावित करती है।
पूरब के लोग ढीले कपड़े पहनते रहे हैं। पश्चिम के लोग चुस्त कपड़े पहनते रहे हैं। चुस्त कपड़े आदमी को लड़ने के लिए तत्पर बनाते हैं, ढीले कपड़े आदमी को शांत करते हैं, मौन करते हैं। आज तक दुनिया में किन्हीं साधुओं की किसी भी परंपरा ने चुस्त कपड़े नहीं पहने। यह ऐसे ही व्यर्थ नहीं था। ढीला कपड़ा व्यक्तित्व को एक शिथिलिता और शांति देता है, कसे हुए कपड़े व्यक्तित्व को एक तेजी और चुस्ती देते हैं इसलिए हम सैनिकों को और नौकरों को चुस्त कपड़े पहनाते हैं, लेकिन मालिक दुनिया में कभी चुस्त कपड़े नहीं पहनते रहे हैं। अगर आप चुस्त कपड़े पहने हुए सीढ़ियां चढ़ती हों तो आप दो सीढ़ियां एक साथ छलांग लगा जाएंगी। आपको पता भी नहीं चलेगा कि कपड़े आपको दो सीढ़ियां इकट्ठी चढ़वा रहे हैं और अगर आप ढीले और कपड़े पहने हुए हैं तो आप एक गरिमा से, एक डिग्निटी से सीढ़ियों को पार करेंगी और चढ़ेंगी।
 स्त्रियों के कपड़े पुरुषों जैसे कभी भी नहीं होने चाहिए। स्त्रियों के जीवन में हम कुछ और अपेक्षा किए हुए हैं। उनसे घर में किसी एक शांत वातावरण की अपेक्षा है। उनसे घर में एक प्रेमपूर्ण झरने की, एक शांत झील बन जाने की अपेक्षा है। उन्हें चुस्त कपड़े नहीं पहनाए जा सकते हैं और अगर वे पहनती हों तो वे भूल में पड़ रही हैं और इस भूल के लिए बहुत महंगी कीमत चुकानी पड़ेगी।
कपड़े तक प्रभावित करते हैं तो शिक्षा तो प्रभावित करेगी ही। मन की ट्रेनिंग हम जो सीखते हैं वह हमारे सारे व्यक्तित्व को निर्मित करता है। हम जो सोचते हैं वह हमारे पूरे जीवन को प्रभावित करता है, हम जो विचारते हैं, हम वैसे ही हो जाते हैं। हमें क्या सिखाया जा रहा है और क्या विचार करने के लिए हमें सामग्री दी जा रही है? स्त्रियों को कौन सी बातें सिखाई जा रही हैं--वे सारी बातें, गणित में जो आदमी दीक्षित होता है, विज्ञान में जो आदमी दीक्षित होता है उसकी जीवन के प्रति पकड़ दूसरी होती है। संगीत में और काव्य में जो दीक्षित होता है उसकी जीवन के प्रति पकड़ दूसरी होती है। और छोटी सी पकड़ से सब कुछ भिन्न हो जाता है।
गांधी जी के आश्रम में एक आदमी आना शुरू हुआ था। कुछ लोगों ने शिकायत की गांधी को कि यह आदमी अच्छा नहीं है। इस आदमी को आश्रम में आने देना उचित नहीं है, इस आदमी का चरित्र ठीक नहीं है। इसके गलत जीवन के बाबत बहुत खबरें आश्रम में सुनी जाती हैं। गांधी ने कहाः अगर आश्रम में बुरे आदमी नहीं सकेंगे तो आश्रम किसके लिए है, फिर आश्रम किसके लिए निर्मित किया गया है? बुरे आदमी आते हैं, हम उनका स्वागत करेंगे। लेकिन एक दिन तो बात बहुत आगे बढ़ गई और कुछ लोगों ने आकर गांधी को कहा कि अब तो सीमा के बाहर बात चली गई है। जिस व्यक्ति को हम रोकने को कहते थे वह आज शराबघर में बैठा हुआ शराब पी रहा है, हम आंखों से देख कर आए हैं और आप चल कर देख ले सकते हैं। खादी पहने हुए वह आदमी शराबखाने में बैठा हो तो बड़ा अपमानजनक है यह आश्रम के लिए। गांधी की आंखों में खुशी के आंसू गए और गांधी ने कहा, अगर में उस आदमी को वहां शराबखाने में देखता तो मेरा हृदय आनंद से भर जाता। मैं इसलिए आनंदित हो उठता कि अच्छे दिन मालूम होते हैं, आने शुरू हो गए। शराब पीने वाले लोगों ने भी खादी पहननी शुरू कर दी है। वे लोग जो खबर लाए थे, वे खबर लाए थे कि खादी पहने हुए आदमी शराब पी रहा है यह बहुत बुरी खबर है, लेकिन गांधी ने कहाः मेरा हृदय खुशी से भर जाएगा अगर मुझे यह पता चल जाए कि शराब पीने वाले लोगों ने भी खादी पहननी शुरू कर दी है।
यह जीवन को दो तरफ से देखना है। जिन मित्रों ने गांधी को आकर कहा था, उनकी जीवन की देखने की जो दृष्टि है वह एक अदालत की दृष्टि है, वह एक वकील की दृष्टि है। गांधी ने जिस तरफ से देखा, वह एक मां की दृष्टि है, वह एक स्त्री की दृष्टि है--वह एक वकील की, और एक अदालत की, और कानून की दृष्टि नहीं है। क्या फर्क है दोनों दृष्टियों में? पहली दृष्टि में कंडेमनेशन है उस आदमी का, उस आदमी की निंदा है, उस आदमी को छोड़ देने का आग्रह है, उस आदमी से अलग हट जाने की बात है। दूसरी दृष्टि में उस आदमी के भीतर किसी शुभ के दर्शन की कोशिश है, उस आदमी के भीतर भी सुंदर को खोजने का खयाल है, उस आदमी के संबंध में भी आशा है अभी। दूसरे विचार में वह आदमी समाप्त नहीं हो गया है, उसके बदल जाने की अभी गुंजाइश स्वीकृत है। मां का एक बेटा बिगड़ता चला जाए, बिगड़ता चला जाए, बिगड़ता चला जाए, सारी दुनिया आकर उसको कहे कि लड़का छोड़ देने जैसा हो गया है, यह लड़का बिगड़ गया है, यह घर में घुसने जैसा नहीं है। लेकिन मां कहेगी अभी बहुत आशा है।
जाति के साथ जो अत्याचार और अनाचार हुआ है, उस संबंध में थोड़ी सी बात प्रारंभ में ही कहना चाहूंगा और नारी के साथ जो हुआ है, उसके परिणाम में पूरी मनुष्य-जाति के जो अहित हुए हैं, उस संबंध में थोड़ी बात कहना चाहूंगा।
मनुष्य की पूरी जाति, मनुष्य का पूरा समाज, मनुष्य की पूरी सभ्यता और संस्कृति अधूरी है क्योंकि नारी ने उस संस्कृति के निर्माण में कोई भी दान, कोई भी कंट्रिब्यूशन नहीं किया। नारी कर भी नहीं सकती थी। पुरुष ने उसे करने का कोई मौका ही नहीं दिया। हजारों वर्षों तक स्त्री पुरुष से नीची और छोटी और हीन समझी जाती रही है। कुछ तो देश ऐसे थे जैसे चीन, चीन में हजारों वर्षों तक यह भी माना जाता रहा कि स्त्रियों के भीतर कोई आत्मा नहीं होती।

रविवार, 6 मई 2018

शिक्षा में क्रांति-प्रवचन-06

शिक्षा में क्रांति-ओशो
प्रवचन-छठवां
युक्रांद क्या है
मेरे प्रिय आत्मन्!
युवक क्रांति दल, युक्रांद की इस पहली बैठक को संबोधित करते हुए मैं अत्यंत आनंदित हूं। युवक क्रांति दल के संबंध में पहली बात तो यह समझ लेनी जरूरी है कि मैं युवक किसे कहता हूं। युवक क्रांति दल की दृष्टि में युवक होने का संबंध उम्र और आयु से नहीं है। युवक से अर्थ हैः ऐसा मन जो सीखने को सदा तत्पर है--ऐसा मन जिसे यह भ्रम पैदा नहीं हो गया है कि जो भी जानने योग्य था, वह जान लिया गया है--ऐसा मन जो बूढ़ा नहीं हो गया है और स्वयं को रूपांतरित और बदलने को तैयार है। बूढ़े मन से अर्थ होता है ऐसा मन जो अब आगे इतना लोचपूर्ण नहीं रहा है कि नये को ग्रहण कर सके, नये का स्वागत कर सके। बूढ़े मन का अर्थ हैः पुराना पड़ गया मन। उम्र से उसका भी कोई संबंध नहीं है। आदमी के शरीर की उम्र होती है, मन की कोई उम्र नहीं होती है। मन की दृष्टि होती है, धारणा होती है।

पूना एक तीर्थ-यात्रा-2018

पूना एक तीर्थयात्रा—

पूना में गुजारे 21 दिन बहुत ही अभुत पूर्व थे, या ये समझ ली जिए कि प्यास अधिक थी या जल की मात्रा प्रचुर हो गई थी, आज ओशो आश्रम में ओशो उर्जा की बाढ सी महसूस हुई, सच जब में स्वीमिंगपूल में अकेला तेर रहा होता तो आस पास कोई नहीं होता, कितना गहरा ध्यान होने लग जाता था। कभी कभी तो ऐसा लगता बीच तरनताल में कि ह्रदय के आर पास किसी ने बिंध दिया है। एक क्षण के लिए तो भय लगता फिर उस दर्द में एक माधुर्य भर जाता। ओर कान सुनना बंद कर करते, चारों ओर की ध्वनिया शांत हो जाती ओर में एकल ही निश्चल सा तैरता होता, एक तो मन भी तरल है ओर जल का स्वभाव भी तरल है इस लिए जल में या जल के आस पास ध्यान अधिक गहरा जाता है।
ओर श्याद इस समय ओशो उर्जा की बाढ को झेलने के लिए साधक कम है, वहां तो इस समय काम करने वाले अधिक है जो ओशो के प्रति न तो संवेदन शील है ओर न उन्हें उस उर्जा से कुछ लेना देना है। इस लिए ओशो उर्जा का आनंद लेने का ये बहुत ही सुंदर समय है।
यही हाल ओशो समाधि पर हे, इस बार जितना समाधि पर समय गुजारा उतना इससे पहले कभी नहीं गुजारा था। सुबह पहले डायेनमिक ध्यान के बाद, 7-30 से 8-30 ओर फिर में तीन से चार घंटे तरनताल में गुजारता अदविता या तो विपसना करती या फिर घर जाकर खाना बनाती ओर 1-15 तक मेरे लिए कटा पपिता लेकर आ जाती ओर फिर इस मधुर थकावट पर में पपीता ही खाकर हम दोनो ओशो समाधि पर चले जाते जो 1-45 से लेकर 3-45 तक उसी में रहते क्योंकि आज कल कम साधक होने की वजह से दिन का ध्यान जो ओशो आडोटोरियम पर होता था नादब्रह्मा वह भी ओशो समाधि पर ही होता।
बहुत मधुर ओर गहराई महसुस होती ....

शुक्रवार, 4 मई 2018

शिक्षा में क्रांति-प्रवचन-05


शिक्षा में क्रांति-ओशो

प्रवचन-पांचवां
प्रेम-विवाह ओर बच्चे
(प्रश्न का ध्वनि-मुद्रण स्पष्ट नहीं।

जो अनुभव है परमात्मा का अनुभव है। सारे मनुष्य का अनुभव शरीर का अनुभव है। सारे योगी का अनुभव सूक्ष्म शरीर का अनुभव है। परम योगी का अनुभव परमात्मा का अनुभव है। परमात्मा एक है, सूक्ष्म शरीर अनंत है। स्थूल शरीर अनंत है। जो सूक्ष्म शरीर है, वह है--काॅ.जल बाडी। वह जो सूक्ष्म है, वह नये स्थूल शरीर ग्रहण करता है। हम यहां देख रहे हैं कि बहुत से बल्ब जले हुए हैं। विद्युत तो एक है, विद्युत बहुत नहीं हैं। वह ऊर्जा, वह शक्ति, वह इनर्जी एक है लेकिन दो अलग बल्बों से वह प्रकट हो रही है। बल्ब का शरीर अलग-अलग है, उसकी आत्मा एक है। हमारे भीतर से जो चेतना झांक रही है, वह चेतना एक है, लेकिन है एक सूक्ष्म उपकरण ही, सूक्ष्म देह है! दूसरा उपकरण है--स्थूल देह। हमारा अनुभव स्थूल देह तक ही रुक जाता है। यह जो स्थूल देह तक रुक गया अनुभव है, यही मनुष्य के जीवन का सारा अंधकार और दुख है। लेकिन कुछ लोग सूक्ष्म शरीर पर भी रुक सकते हैं। जो लोग सूक्ष्म शरीर पर रुक जाते हैं, वे ऐसा कहेंगे कि आत्माएं अनंत हैं, लेकिन जो सूक्ष्म शरीर के भी आगे चले जाते हैं, वे कहेंगे परमात्मा एक है, आत्मा एक है, ब्रह्म एक है।

शिक्षा में क्रांति-प्रवचन-04


शिक्षा में क्रांति-ओशो

प्रवचन-चौथा
शिक्षक, समाज ओर क्रांति
मेरे प्रिय आत्मन्!
शिक्षक और समाज के संबंध में कुछ थोड़ी सी बातें जो मुझे दिखाई पड़ती हैं, वह मैं आपसे कहूं। शायद जिस भांति आप सोचते रहे होंगे उससे मेरी बात का कोई मेल न हो। यह भी हो सकता है कि शिक्षाशास्त्री जिस तरह की बातें कहता है उस तरह की बातों से मेरा विरोध भी हो। न तो मैं कोई शिक्षाशास्त्री हूं और न ही समाजशास्त्री। इसलिए सौभाग्य है थोड़ा कि मैं शिक्षा और समाज के संबंध में कुछ बुनियादी बातें कह सकता हूं। क्योंकि जो शास्त्र से बंध जाते हैं उनका चिंतन समाप्त हो जाता है। जो शिक्षाशास्त्री हैं उनसे शिक्षा के संबंध में कोई सत्य प्रकट होगा, इसकी संभावना अब करीब-करीब समाप्त मान लेनी चाहिए। क्योंकि पांच हजार वर्ष से वे चिंतन करते हैं लेकिन शिक्षा की जो स्थिति है, शिक्षा का जो ढांचा है, उस शिक्षा से पैदा होने वाले मनुष्यों की जो रूप-रेखा है वह इतनी गलत, इतनी अस्वस्थ और भ्रांत है कि यह स्वाभाविक है कि शिक्षाशास्त्रियों से निराशा पैदा हो जाए। समाजशास्त्री भी, जो समाज के संबंध में चिंतन करता है वह भी अत्यंत रुग्ण और अस्वस्थ है। अन्यथा मनुष्य-जाति, उसका जीवन, उसका विचार बहुत अलग और अन्यथा हो सकते थे। मैं दोनों में से कोई भी नहीं हूं इसलिए कुछ ऐसी बातें संभव हैं, आपसे कह सकूं जो सीधी समस्याओं को देखने से पैदा होती हैं।

शिक्षा में क्रांति-प्रवचन-03


शिक्षा में क्रांति-ओशो

तीसरा प्रवचन
शिक्षा ओर धर्म
मेरे प्रिय!
एक फकीर बहुत अकेला था। स्वप्न में उसे परमात्मा के दर्शन हुए तो उसने पाया कि परमात्मा तो उससे भी अकेला है। निश्चय ही वह बहुत हैरान हुआ और उसने भगवान से पूछा, क्या आप भी इतने अकेले हैं? लेकिन आपके तो इतने भक्त हैं, वे सब कहां हैं? यह सुन कर भगवान ने उससे कहा था, मैं तो सदा से अकेला ही हूं और इसलिए ही जो नितांत अकेले हो जाते हैं वे ही केवल मेरा अनुभव कर पाते हैं। रही भक्तों और तथाकथित धार्मिकों की बात, सो वे मेरे साथ कब थे? उनमें से कोई राम के साथ है, कोई कृष्ण के, कोई मोहम्मद के और कोई महावीर के। उनमें से मेरे साथ तो कोई भी नहीं है। मैं तो सदा का ही अकेला हूं। और इसलिए जो किसी के भी साथ नहीं है, बस अकेला ही है वही केवल मेरे साथ है।

शिक्षा में क्रांति-प्रवचन-02


शिक्षा में क्रांति-ओशो

दूसरा- प्रवचन
धर्म ओर विज्ञान
मेरे प्रिय!
एक अमावस की गहरी अंधेरी रात्रि की बात है और एक छोटे से गांव की घटना। आधी रात्रि बीत गई थी और सारा गांव नींद में डूबा हुआ था। कुत्ते भी भौंक-भौंक कर सो गए थे कि अचानक एक झोपड़े से उठ रही रोने की और चिल्लाने की आवाज ने सभी को जगा दिया। अर्धनिद्रित लोग उस झोपड़े की ओर भागने लगे, बूढ़े और बच्चे--सभी। उस सोए गांव में एक विक्षिप्त सी गति आ गई। किसी को कुछ भी समझ में नहीं आ रहा था। फिर भी लोग उस झोपड़े के आस-पास इकट्ठे हो रहे थे। झोपड़े के भीतर से आवाज आ रही थीः आग लगी है, मैं जल रही हूं, मेरा घर जल रहा है।कुछ लोग तो पानी भरी बाल्टियां ले-ले कर भी आ गए थे। लेकिन झोपड़े के आस-पास आग लगे होने का कोई भी चिह्न नहीं था। आग तो दूर, उस झोपड़े में एक दीया भी नहीं था।
वह एक गरीब बूढ़ी स्त्री की झोपड़ी थी। लोगों ने दरवाजे धकाए तो पाया कि खुले ही हुए हैं। कोई भाग कर लालटेन ले आया तो भीड़ भीतर गई। बूढ़ी स्त्री जोर-जोर से रो रही थी और छाती पीट रही थी और साथ ही वह चिल्लाती भी जाती थीः आग लगी है, मेरे घर में आग लगी है।

शिक्षा में क्रांति-प्रवचन-01

शिक्षा में क्रांति-ओशो
पहला प्रवचन
नये मनुष्य के जन्म की दिशा

मेरे प्रिय!
मैं आपके बीच उपस्थित होकर अत्यंत आनंदित हूं। निश्चय ही इस अवसर पर मैं अपने हृदय की कुछ बातें आपसे कहना चाहूंगा। शिक्षा की स्थिति देख कर हृदय में बहुत पीड़ा होती है। शिक्षा के नाम पर जिन परतंत्रताओं का पोषण किया जाता है उनसे एक स्वतंत्र और स्वस्थ मनुष्य का जन्म संभव नहीं है। मनुष्य-जाति जिस कुरूपता और अपंगता में फंसी है, उसके मूलभूत कारण शिक्षा में ही छिपे हैं। शिक्षा ने प्रकृति से तो मनुष्य को तोड़ दिया है लेकिन संस्कृति उससे पैदा नहीं हो सकी है, उलटे पैदा हुई है--विकृति। इस विकृति को ही प्रत्येक पीढ़ी नई पीढ़ियों पर थोपे चली जाती है। और फिर जब विकृति ही संस्कृति समझी जाती हो तो स्वभावतः थोपने का कार्य पुण्य की आभा भी ले लेता हो तो आश्चर्य नहीं है। और जब पाप पुण्य के वेश में प्रकट होता है, तो अत्यंत घातक हो ही जाता है।